जेमको में घुटने तक पानी, सड़क कटी तो बढ़ी मुसीबत; 2 किमी अतिरिक्त चक्कर को मजबूर लोग

जमशेदपुर : जेमको चौक से गुरुद्वारा की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर बारिश के बाद घुटने तक पानी भर गया है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित है. बड़े वाहन और दोपहिया किसी तरह जलजमाव पार कर रहे हैं, लेकिन पैदल लोगों के लिए रास्ते से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है. रोजमर्रा के काम से निकलने वाले राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है. सड़क के गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है. वहीं, जेमको चौक से सलगाझरी फाटक जाने वाले मार्ग पर काली मंदिर के पास मुख्य सड़क लंबे समय से कटी हुई है. सड़क का कटाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं होने से लोगों की परेशानी बनी हुई है.


सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर परसुडीह, शंकरपुर, सोपोडेरा और बामनगोड़ा के सैकड़ों मजदूरों पर पड़ रहा है, जो रोज काम के लिए इस मार्ग से आवागमन करते हैं. रास्ता असुरक्षित होने के कारण अब उन्हें सलगाझरी से कॉम्बिंग मिल होते हुए जेमको चौक, गोलमुरी और नीलडीह की ओर जाने के लिए करीब 2 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है. इससे समय के साथ यात्रा खर्च भी बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार समस्या बताने के बावजूद संबंधित विभाग ने मरम्मत शुरू नहीं की है. लोगों ने जल्द सड़क दुरुस्त करने और जल निकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग की है.


