5-डे बैंकिंग की मांग पर प्रदर्शन, सितंबर में देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी



जमशेदपुर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की जमशेदपुर इकाई ने 27 अगस्त को बिष्टुपुर स्थित पोस्टल पार्क में शाम साढ़े पांच बजे प्रदर्शन करने का फैसला किया है। बैंककर्मी 5-डे बैंकिंग लागू करने, सरकार की पीएलआइ योजना वापस लेने और अन्य लंबित मांगों के समाधान की मांग करेंगे। संयोजक रिंटू रजक ने कहा कि पीएलआइ में बदलाव द्विपक्षीय बातचीत से होना चाहिए।

मांगें नहीं मानी गईं तो करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी और अधिकारी 11 सितंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल करेंगे। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिन की हड़ताल और 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है। यूएफबीयू ने सभी घटक यूनियनों और बैंककर्मियों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।


