कृत्रिम छठ घाटों पर श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

आदित्यपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर आदित्यपुर के अलग-अलग इलाकों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कृत्रिम छठ घाट तैयार किए गए थे। रविवार को इन घाटों पर छठ व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।


इसी क्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क (डब्ल्यू टाइप मैदान) में बने कृत्रिम छठ घाट पर आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर अंकुर सिंह ने भी व्रतियों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने छठ व्रतियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। मौके पर पूर्व पार्षद रंजन सिंह, डॉ. बीपी सिंह, कांग्रेस नेता ऋषि मिश्रा, इंद्रजीत पांडेय, संजय कुमार सिंह, धनंजय सिंह पप्पू, दीपू, नीपू और वैभव सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


