वेज रिवीजन पर बढ़ा विवाद, कमेटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष को घेरा



जमशेदपुर : टाटा स्टील में वेज रिवीजन को लेकर कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ गई है। फील्ड मेंटेनेंस इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रिकल टीएंडडी के कमेटी मेंबरों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू का यूनियन कार्यालय में घेराव कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ब्लॉक-1 और ब्लॉक-2 की तरह ब्लॉक-3 और ब्लॉक-4 में भी काम की प्रकृति के अनुसार एमजीबी में उचित अंतर, स्टैगनेंसी बेनीफिट और 1 जनवरी 2025 या उसके बाद कंपनी में शामिल कर्मचारियों को एमजीबी का लाभ देने की मांग रखी। कंपनी आवास में रहने वाले एनएस कर्मचारियों के लिए पुनरीक्षित बेसिक के 6 फीसदी स्टैंडर्ड रेंट की समीक्षा, एनएस-6 में चार वर्ष की सेवा पूरी करने वालों को समय पर पदोन्नति और फास्ट ट्रैक प्रमोशन पॉलिसी लागू करने की मांग भी की गई।


ज्ञापन में हायर एजुकेशन एलाउंस को वेज रिवीजन की प्रभावी तिथि से संशोधित करने, फिटमेंट के दौरान डीए में अस्थायी कमी से होने वाले नुकसान से बचाने, नॉन रिड्यूस्ड डीए लेवल पर संरक्षण, एनएस ग्रेड कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद मेडिकल सुविधा और पूर्व अनुभव के आधार पर मिले अतिरिक्त इंक्रीमेंट को अगले ग्रेड रिवीजन व प्रमोशन में सुरक्षित रखने की मांग शामिल है। पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट और विपक्ष के नेता अरविंद पांडेय ने कहा कि मांग के बावजूद अब तक कमेटी मीटिंग नहीं बुलाई गई है और बंचिंग तथा 2025 में ज्वॉइन करने वाले आरआर कर्मचारियों के एमजीबी जैसे मुद्दों पर औपचारिक पहल जरूरी है।
बुधवार शाम 5 बजे चमरिया गेस्ट हाउस में अध्यक्ष संजीव चौधरी ने ऑफिस बियररों के साथ बैठक की। पदाधिकारियों ने वेज रिवीजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द एनामॉलीज कमेटी बनाने और अगस्त समाप्त होने से पहले बोनस वार्ता शुरू कर सम्मानजनक बोनस समझौता करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में राकेश कुमार सिंह, श्याम सुंदर गोप, ब्रजेश पांडेय, पवन प्रकाश समेत अन्य कमेटी मेंबर शामिल थे।


