मुख्यमंत्री के गांव में भर्ती यात्रा पर बवाल, पारंपरिक हथियारों के साथ रास्ता रोककर भड़के ग्रामीण






रामगढ़ : गोला प्रखंड के नेमरा गांव में सोमवार को छात्र नेता देवेंद्र महतो के नेतृत्व में प्रस्तावित ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ का संथाली समाज ने जोरदार विरोध किया। सुबह धुमकुड़िया भवन के पास मांझी हड़ाम और ग्रामीण ढोल-नगाड़ों व पारंपरिक हथियारों के साथ जुट गए। ग्रामीणों ने साफ कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का अधिकार सभी को है और यात्रा गोला या रामगढ़ में कहीं भी निकाली जा सकती है, लेकिन नेमरा गांव के भीतर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ विरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री होने के साथ नेमरा गांव के ‘मांझी हड़ाम’ भी हैं।


विरोध और तनाव के बावजूद देवेंद्र महतो की यात्रा दोपहर करीब तीन बजे बरलंगा चौक होते हुए लुकैयाटांड मैदान पहुंची। यहां देवेंद्र महतो और यात्रा में शामिल लोगों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सफेद टी-शर्ट पहने युवा भगवान बिरसा मुंडा, बिनोद बिहारी महतो और शिबू सोरेन की तस्वीरें लेकर चल रहे थे और ‘जय झारखंड’ सहित महापुरुषों के सम्मान में नारे लगा रहे थे।


