तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे बैठे दो युवकों को मारी टक्कर, दोनों गंभीर






जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अन्ना चौक के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठे दो युवकों से टकरा गई। हादसे में गोविंदपुर निवासी सन्नी और राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सन्नी और राजू सड़क किनारे बैठे थे, तभी तेज गति से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने कार को रुकवाया और घायलों को अस्पताल भेजा।
सूचना मिलने पर गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, जबकि चालक और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।


