कोयला लदी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग, स्टेशन पर मची हलचल; दमकल ने समय रहते पाया काबू



चांडिल : चांडिल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सोमवार रात आसनसोल जा रही कोयला लदी मालगाड़ी की एक बोगी में अचानक आग लग गई। बोगी से धुआं निकलता देख स्टेशन कर्मचारियों ने तत्काल स्टेशन मास्टर विष्णु तांती को इसकी सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने बिना देर किए दमकल विभाग को जानकारी दी, जिसके बाद अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची।


दमकल कर्मियों ने मालगाड़ी की बोगी पर पानी की बौछार कर कोयले के भीतर सुलग रही आग को बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दूसरी बोगियों तक नहीं फैल सकी।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल चांडिल स्टेशन पर स्थिति सामान्य बताई गई है।


