आसमानी बिजली का कहर, युवक गंभीर रूप से झुलसा, बकरी की मौके पर मौत






राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के बाना गांव में गुरुवार शाम करीब 5 बजे वज्रपात की चपेट में आने से 40 वर्षीय उपेंद्र महतो गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उनकी एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल उपेंद्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल सरायकेला में भर्ती कराया गया है।


उपेंद्र महतो हेरमा गांव के निवासी हैं और फिलहाल अपने ससुराल बाना में रहते हैं। जानकारी के अनुसार, वे शाम को बकरियां चराने खेत की ओर गए थे। लौटते समय तेज बारिश शुरू होने पर वे बकरियों के साथ पास के एक खाली मकान में शरण लेने चले गए। इसी दौरान तेज कड़क के साथ मकान पर बिजली गिर गई।हादसे में उपेंद्र बुरी तरह झुलसकर बेहोश हो गए और एक बकरी ने वहीं दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा एम्बुलेंस की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया।


