झालसा में फहराया तिरंगा, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने दिया न्याय और समानता का संदेश



रांची : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी (झालसा) परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक समेत कई न्यायाधीश, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ।


कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि संविधान में निहित न्याय, समानता और स्वतंत्रता के मूल्यों को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने भी इन संवैधानिक मूल्यों को समाज में और मजबूत करने पर जोर दिया।इस दौरान जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए झालसा की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


