स्वतंत्रता दिवस से पहले फुल ड्रेस रिहर्सल, सुरक्षा को लेकर सख्ती और ड्रोन पर रोक



रांची : स्वतंत्रता दिवस 2026 के राजकीय समारोह की तैयारियों के तहत बुधवार को मोरहाबादी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की निगरानी में स्वतंत्रता दिवस पर होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का अभ्यास किया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से जुड़े भारत सरकार के निर्देशों का पालन किया गया। दोनों अधिकारियों ने परेड की सलामी ली और सभी प्लाटून को जरूरी निर्देश दिए। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ध्वजारोहण करेंगे।समारोह की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी हुई। डीसी मंजूनाथ भजंत्री, SSP राकेश रंजन, ट्रैफिक SP राकेश सिंह और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय ने अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पहुंचने और जिम्मेदारियां पूरी करने का निर्देश दिया। आगंतुकों की सघन जांच होगी और आपत्तिजनक सामग्री के साथ किसी अवांछित व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। निजी ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि संबंधित विभाग ही ड्रोन का इस्तेमाल कर सकेगा।परेड में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और एनसीसी के प्लाटून शामिल होंगे। कुल 14 प्लाटून और तीन बैंड पार्टियां हिस्सा लेंगी। 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा फर्स्ट इन कमांड होंगे, जो वर्तमान में रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। सेकेण्ड इन कमांड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर संभालेंगे।




