टाटा स्टील में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कच्चे माल, लॉजिस्टिक्स और रणनीति विभाग में नई जिम्मेदारियां



जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने वरिष्ठ नेतृत्व में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कच्चे माल (रॉ मैटेरियल्स), ओएमएंडक्यू, कॉर्पोरेट स्ट्रेटेजी और लॉजिस्टिक्स विभागों में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। कंपनी का उद्देश्य परिचालन दक्षता बढ़ाने, कच्चे माल की रणनीति को मजबूत करने तथा लॉजिस्टिक्स संचालन को और प्रभावी बनाना है।


राजेश कुमार को नई जिम्मेदारी
कंपनी के प्रशासनिक आदेश के अनुसार, वर्तमान में चीफ (जोडा) आईएल-2, ओएमएंडक्यू के पद पर कार्यरत राजेश कुमार को चीफ रॉ मैटेरियल्स स्ट्रेटेजी (डिजिग्नेट), कॉर्पोरेट स्ट्रेटेजी एंड प्लानिंग नियुक्त किया गया है। उनका कार्यस्थल जमशेदपुर होगा और वे 1 सितंबर 2026 से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। वे कार्यात्मक रूप से चीफ कॉर्पोरेट स्ट्रेटेजी एंड प्लानिंग तथा प्रशासनिक रूप से वाइस प्रेसिडेंट रॉ मैटेरियल्स को रिपोर्ट करेंगे।
इसी क्रम में गंडेला वी. सत्यानारायण, जो वर्तमान में चीफ खोंडबंध (आईएल-2), ओएमएंडक्यू थे, उन्हें चीफ (जोडा), ओएमएंडक्यू नियुक्त किया गया है। वे अपने वर्तमान ग्रेड पर ही कार्य करते हुए जनरल मैनेजर (ओएमएंडक्यू) को रिपोर्ट करेंगे।
पंकज कुमार बने चीफ लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस
पंकज कुमार, जो हेड आरएमएफएचएस ऑपरेशंस (टीएसजे) लॉजिस्टिक्स के पद पर कार्यरत थे, चयन प्रक्रिया के बाद चीफ लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस (टीएसके), लॉजिस्टिक्स नियुक्त किए गए हैं। वे अपने वर्तमान स्तर पर ही कार्य करेंगे और कार्यात्मक रूप से चीफ लॉजिस्टिक्स को रिपोर्ट करेंगे। उनका कार्यक्षेत्र जाजपुर रहेगा।
पंकज कुमार ने वर्ष 2001 में रांची विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.एससी. की डिग्री प्राप्त की तथा वर्ष 2006 में एक्सएलआरआई, जमशेदपुर से जनरल मैनेजमेंट प्रोग्राम पूरा किया। वे वर्ष 2001 में टाटा स्टील में ग्रेजुएट ऑपरेशंस ट्रेनी के रूप में शामिल हुए थे और इसके बाद प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेशन, मैकेनिकल मेंटेनेंस, सीओओ ऑफिस, लॉजिस्टिक्स प्लानिंग और फिजिकल डिस्ट्रीब्यूशन सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दे चुके हैं। वर्ष 2024 से वे हेड आरएमएफएचएस ऑपरेशंस (टीएसजे) लॉजिस्टिक्स के पद पर कार्यरत थे।
कंपनी के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन ने इन नियुक्तियों की घोषणा करते हुए सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कंपनी का मानना है कि यह नेतृत्व परिवर्तन उसकी रणनीतिक दिशा और परिचालन क्षमता को और मजबूत करेगा।


