काशी पहुंचकर भावुक हुए बोमन ईरानी, बोले- सुना बहुत था लेकिन देखकर यकीन हुआ

वाराणसी : बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना की। काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखकर अभिनेता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि काशी के बारे में उन्होंने बहुत कुछ सुना था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से भी ज्यादा खास और अद्भुत है।


दौरे के दौरान बोमन ईरानी ने गंगा क्रूज से 84 घाटों की भव्यता देखी और शहर के कई धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने बनारसी टमाटर चाट का स्वाद भी लिया और स्थानीय संस्कृति की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने आदि केशव मंदिर और लाट भैरव मंदिर में भी दर्शन किए।बोमन ईरानी ने बताया कि करीब सात साल बाद वह तीसरी बार वाराणसी आए हैं। पिछली यात्राओं में उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर नहीं मिला था, लेकिन इस बार मंदिर में पूजा करने का अनुभव उनके लिए बेहद खास और सौभाग्यपूर्ण रहा।


