IAF विमान से 150 बांग्लादेशी बागडोगरा भेजे गए, करीब 500 लोग लिए गए थे हिरासत में

जम्मू : जम्मू-कश्मीर में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे 150 बांग्लादेशी नागरिकों को सोमवार को भारतीय वायुसेना के विमान से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा भेजा गया। अधिकारियों के मुताबिक, वहां से इन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 7 अक्टूबर को सीमा सुरक्षा बल (BSF) को सौंपने के बाद इन्हें निर्वासित किया जाएगा। ये 150 लोग कथित अवैध प्रवासियों की पहचान के लिए चलाए गए अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए करीब 500 लोगों में शामिल हैं। हिरासत में लिए गए लोगों को श्रीनगर शहर के बाहरी इलाके में पुलिस की निगरानी वाले केंद्र में रखा गया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब 500 लोगों को हिरासत में लिया गया और इनमें ज्यादातर बांग्लादेश के नागरिक बताए गए हैं। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, इनमें से अधिकतर लोग कई वर्षों से कश्मीर घाटी के अलग-अलग हिस्सों में रह रहे थे और कूड़ा बीनने जैसे छोटे-मोटे काम करते थे। हिरासत में लिए गए कुछ लोगों के म्यांमार के रोहिंग्या होने की बात भी पुलिस सूत्रों ने कही है। आने वाले दिनों में अन्य लोगों को भी अलग-अलग समूहों में बाहर भेजे जाने और निर्वासित किए जाने की बात कही गई है।
करीब दो महीने पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मई में गठित जनसांख्यिकीय बदलावों से जुड़ी उच्चस्तरीय समिति को बताया गया था कि जम्मू-कश्मीर में 7,656 रोहिंग्या और 504 बांग्लादेशी नागरिक हैं। इनमें जम्मू में 6,737 रोहिंग्या और 46 बांग्लादेशी नागरिक बताए गए, जबकि बाकी कश्मीर में थे। इनके खिलाफ कुल 117 मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई थी, जिनमें 101 जम्मू और 16 कश्मीर में दर्ज बताए गए। समिति को अवैध प्रवास और अन्य कारकों से होने वाले जनसांख्यिकीय बदलावों का अध्ययन कर उपाय सुझाने तथा एक साल के भीतर रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई है।


