विश्व हिंदू रक्षा परिषद का द्वितीय अंतरराष्ट्रीय हिंदू प्रतिनिधि महासम्मेलन संपन्न, 21 देशों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

लखनऊ : विश्व हिंदू रक्षा परिषद के तत्वावधान में द्वितीय अंतरराष्ट्रीय हिंदू प्रतिनिधि महासम्मेलन एवं भारतीय सनातन गौरव सम्मान समारोह का आयोजन लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया गया। परिषद के अनुसार कार्यक्रम में 21 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके साथ ही देश-विदेश से संत-महात्मा, विद्वान, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
समारोह में धर्म और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभिन्न हस्तियों को ‘भारतीय सनातन गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि संगठन का उद्देश्य विश्वभर में रहने वाले हिंदुओं को एक मंच पर जोड़ना और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए कार्य करना है। उन्होंने संगठन के विस्तार के लिए प्रत्येक राज्य में कोर कमेटी गठित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता देने की बात कही।
परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय सह प्रभारी (संपूर्ण भारत) भरत सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के बीच संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करने का माध्यम बना। उन्होंने बताया कि विदेशों से आए प्रतिनिधियों ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं में रुचि दिखाई तथा इनके वैश्विक प्रसार पर अपने विचार साझा किए।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री हर चरण सिंह उर्फ राजा ने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित से जुड़े संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।


