हिमांशु सिंह की मौत को भाजपा आपदा में अवसर बनाने का प्रयास कर रही है : डॉ. शुभेन्दु महतो



झारखण्ड : झारखण्ड मुक्ति मोर्चा, सरायकेला-खरसावां के जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने जमशेदपुर के डबल डाउन बार में हुई हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक, दुर्भाग्यपूर्ण एवं पूरे झारखण्ड को झकझोर देने वाली है। झामुमो इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता है।


डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि इस गंभीर घटना को माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने अत्यंत संवेदनशीलता एवं गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रभाव से जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को हटाने का निर्णय लिया। साथ ही राज्य के एडीजी, डीआईजी कोल्हान सहित वरिष्ठ अधिकारियों को जमशेदपुर में कैंप कर निष्पक्ष एवं त्वरित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। अब तक कई अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने स्वयं मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना है तथा नियमानुसार मुआवजा एवं मृतक की पत्नी को नौकरी उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में जब पूरा राज्य हिमांशु सिंह को न्याय दिलाने की मांग कर रहा है, भारतीय जनता पार्टी इस दुःखद घटना को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता लगातार भ्रामक एवं अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने और राज्य सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी परिवार के दुःख पर राजनीति करना अत्यंत अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयान पूरी तरह बेतुके, निराधार एवं गैर-जिम्मेदाराना हैं। जिस प्रकार नेता प्रतिपक्ष इस मामले में बार के मालिक एवं भाजपा नेता को बचाने का प्रयास कर रहे हैं, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी संकीर्ण एवं निम्न राजनीतिक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “मैं भाजपा से पूछना चाहता हूँ कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए आखिर वह और कितना नीचे गिरेगी?”
डॉ. महतो ने कहा कि जिस बार में यह घटना हुई, उसके मालिक भाजपा नेता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद उनका फरार हों जाना कई गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। यदि वे निर्दोष हैं तो उन्हें स्वयं आगे आकर पुलिस एवं जांच एजेंसियों का सहयोग करना चाहिए। भाजपा को भी इस विषय पर जनता के समक्ष अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है और हर व्यक्ति को निष्पक्ष जांच में सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा द्वारा किए गए बंद के दौरान कई स्थानों पर जबरन दुकानें बंद कराने, व्यापारियों पर दबाव बनाने तथा आम लोगों को परेशान करने की शिकायतें सामने आई हैं। यदि भाजपा वास्तव में न्याय चाहती है तो उसे कानून व्यवस्था में सहयोग करना चाहिए, न कि जनता को भय और भ्रम में डालकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करना चाहिए।
डॉ. शुभेन्दु महतो ने जमशेदपुर एवं सरायकेला-खरसावां की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा के बहकावे एवं भ्रामक प्रचार में न आएं। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखण्ड सरकार प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार इस मामले में हर आवश्यक कदम उठा रही है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विधायक, जनप्रतिनिधि तथा झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता एवं पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और आगे भी हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
अंत में डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि झारखण्ड की जनता सब कुछ देख रही है। जनता अच्छी तरह समझती है कि कौन न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है और कौन एक दुःखद घटना का राजनीतिकरण कर अपनी रोटियां सेंकने में लगा है। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा पुनः हिमांशु सिंह को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिवार को विश्वास दिलाता है कि न्याय की इस लड़ाई में सरकार और संगठन उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार कठोर दंड अवश्य मिलेगा।


