अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के आदेश, 14 वाहन जब्त—जिले में चला बड़ा अभियान


सरायकेला : जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन एवं परिवहन पर सख्त नियंत्रण, राजस्व संरक्षण और बालू घाटों के सुचारू संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से की, जिसमें पूर्व निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा भी की गई।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 23.04.2026 से 20.05.2026 तक चलाए गए विशेष अभियान में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 14 वाहन जब्त किए गए हैं, जिनमें 01 हाईवा, 12 ट्रैक्टर और 01 टाटा 407 शामिल है। इस दौरान लगभग 8000 सीएफटी बालू भी जब्त किया गया है और आगे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में बिना वैध अनुमति किसी भी प्रकार की खनन गतिविधि नहीं होनी चाहिए। सभी अंचल अधिकारियों को खनन निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय बनाकर नियमित जांच और संयुक्त कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही ईंट भट्टों, क्रशर इकाइयों और खनिज भंडारण स्थलों का मैपिंग और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ओवरलोड और बिना ढके खनिज परिवहन से न केवल प्रदूषण बढ़ता है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी रहता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और परिवहन विभाग को नियमित जांच अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को अवैध खनन पर पूर्ण अंकुश लगाने और राजस्व हानि रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।


