प्रेमिका और उसके पति ने रची खौफनाक साजिश, प्रेमी का सिर काटकर फेंका शव


पटना : राजधानी पटना के गर्दनीबाग इलाके में ऑटो चालक चंदन कुमार की मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शुरुआत में मामला ट्रेन हादसे का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि चंदन की सिर काटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद शव को रेलवे लाइन के पास फेंक दिया गया, ताकि इसे दुर्घटना का रूप दिया जा सके। मामले में पुलिस ने मृतक के दोस्त छोटू यादव की पत्नी खुशबू कुमारी उर्फ खुशबू रानी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छोटू यादव फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार अवैध संबंध के शक में इस वारदात को अंजाम दिया गया। सचिवालय डीएसपी-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि चंदन और खुशबू के बीच प्रेम संबंध था। इसी को लेकर साजिश रची गई और उसकी हत्या कर दी गई। महिला की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे रविवार को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक अनीसाबाद के धीराचक निवासी चंदन कुमार बीते मंगलवार सुबह घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। बाद में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे एक सिर कटा शव मिला, जिसकी पहचान शुक्रवार को चंदन के रूप में हुई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा भी किया। चंदन के पिता की शिकायत पर छोटू यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।


