ज्योति देवी पर हमले के बाद गरजी HAM, संतोष सुमन ने तेजस्वी यादव को दी खुली चेतावनी


पटना : बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी पर हुए हमले के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। हम (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने समर्थकों को मर्यादा में रखें। उन्होंने कहा कि बिहार बदल चुका है और अब दलित समाज डरने वाला नहीं है। संतोष सुमन ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर जीतन राम मांझी के किसी कार्यकर्ता को डराने या धमकाने की कोशिश हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब गया जिले के बाराचट्टी क्षेत्र की विधायक ज्योति देवी ने हाल ही में अपने काफिले पर हमला और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। विधायक के अनुसार वह एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं, तभी रास्ते में विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। मामले में सात नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि अगर आठ दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। वहीं बीजेपी नेताओं ने भी मामले को लेकर राजद पर हमला बोला है और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। घटना के बाद बिहार की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।


