शुभेंदु अधिकारी को हराने के लिए 100 करोड़ का खेल? एजेयूपी नेता के दावे से सियासी हलचल


कोलकाता : नंदीग्राम विधानसभा चुनाव को लेकर आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के नेता और पूर्व उम्मीदवार साहिदुल हक ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी को चुनाव में हराने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का गुप्त बजट तैयार किया गया था। साहिदुल हक का आरोप है कि चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर पैसे खर्च किए गए और घर-घर नकद राशि पहुंचाने की कोशिश हुई।

एजेयूपी नेता ने कहा कि चुनाव से पहले तृणमूल नेताओं और आइ-पैक कर्मियों की मदद से लोगों के बीच लिफाफों में नकद रुपये बांटे गए थे। उनका दावा है कि इलाके के लगभग हर परिवार तक पैसा पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता ने वोट भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को ही दिया। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कोई आधिकारिक दस्तावेज या सबूत सार्वजनिक नहीं किया गया है और तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
साहिदुल हक ने चुनावी फंड के स्रोत को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर खर्च की गई रकम वैध स्रोतों से नहीं आई थी और इसमें विदेशी फंडिंग का इस्तेमाल हुआ। उन्होंने पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई से कराने की मांग की है।


