चाय पी रहे युवक पर फायरिंग से हड़कंप, पैर में गोली लगते ही मची अफरा-तफरी


बोकारो : सेक्टर-1 स्थित श्रीराम मंदिर मार्केट में रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चाय पी रहे एक युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गोली युवक के पैर में लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल की पहचान चास थाना क्षेत्र के नदुआ स्थान निवासी 45 वर्षीय जयराम प्रसाद के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन और बीएस सिटी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास मौके पर पहुंचे। घायल युवक को पीसीआर वैन से बोकारो जनरल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाले की पहचान सेक्टर-1 निवासी भूट्टू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जयराम अपने दोस्तों के साथ फुटपाथ पर चाय पी रहा था, तभी आरोपी अपने साथी के साथ बाइक से पहुंचा और फायरिंग कर दी।
प्रारंभिक जांच में जमीन कारोबार से जुड़ी पुरानी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


