नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 20 लाख की ब्राउन शुगर के साथ 4 गिरफ्तार


देवघर : देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का खुलासा किया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में बड़ा झरना-खरगडीहा कच्ची सड़क के पास छापेमारी कर पुलिस ने 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के दो सप्लायर और देवघर के दो स्थानीय रिसिवर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.49 लाख रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक बाइक और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग के जरिए ब्राउन शुगर लाकर झारखंड, बिहार और बंगाल के कई इलाकों में सप्लाई करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार स्थानीय आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब मोबाइल फोन और नेटवर्क के जरिए जुड़े अन्य सप्लायरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि ब्राउन शुगर बेचने वालों के साथ-साथ इसका सेवन करने वालों पर भी जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।


