लाउडस्पीकर विवाद पर भड़का बवाल, पुलिस चौकी पर हमला और वाहनों में तोड़फोड़


कोलकाता : पश्चिम बंगाल के आसनसोल में धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर नियम लागू कराने गयी पुलिस टीम पर हमला होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। यह घटना रेलपार इलाके के तुलकलाम और जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी के आसपास हुई, जहां उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया और चौकी में तोड़फोड़ कर दी। कई पुलिस और आम लोगों के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

बताया गया कि पुलिस सरकारी दिशा-निर्देशों के तहत लाउडस्पीकर की आवाज नियंत्रित करने और लोगों को जागरूक करने पहुंची थी। इसी दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गयी और भीड़ उग्र हो गयी। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने डर के कारण अपनी दुकानें बंद कर दीं। हालात काबू में करने के लिए कई थानों की पुलिस, आरएएफ और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रण में आ गयी।
पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने कहा कि वीडियो में दिखने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।


