दुमका में खुला चुटोनाथ बायोडायवर्सिटी पार्क, लोगों को मिला नया पिकनिक स्पॉट


दुमका : जिले में चुटोनाथ बायोडायवर्सिटी पार्क को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। वन विभाग की ओर से विकसित इस पार्क को पिछले लगभग दो वर्षों में तैयार किया गया है, जिसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी भी रही। यह पार्क अब शहरवासियों और पर्यटकों के लिए एक नया हरित और मनोरंजन स्थल बन गया है।

इस परियोजना के तहत करीब 2 एकड़ अतिक्रमित वन भूमि को खाली कराकर उसे विकसित किया गया है। पार्क में बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए घूमने, बैठने और प्रकृति को करीब से देखने की सुविधा दी गई है। साथ ही यहां बड़े पैमाने पर पौधरोपण भी किया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
वन विभाग का मानना है कि यह पार्क न केवल पर्यावरण जागरूकता बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा करेगा। यह स्थान अब दुमका में एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।


