सरला बिरला यूनिवर्सिटी में वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर ‘पिक्सल स्पंदन’ इवेंट का आयोजन, पोस्टर लॉन्च



रांची : सरला बिरला यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन एवं ‘शटरबग क्लब’ की ओर से वर्ल्ड फोटोग्राफी डे 2026 के अवसर पर दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम ‘पिक्सल स्पंदन’ का आयोजन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन के लिए आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। ‘आइज बिहाइंड द लेंस, हार्ट बिहाइंड द शटर’ थीम पर आधारित यह मुख्य कार्यक्रम 19 एवं 20 अगस्त 2026 को आयोजित होगा।


पोस्टर का विमोचन विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक एवं कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार एस.बी. डाँडीन, फैकल्टी ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के डीन अजय कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार, प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस अजय कुकरेती, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नंदिनी सिन्हा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, डिप्टी रजिस्ट्रार एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान इंडस्ट्री के अनुभवी फोटोग्राफर्स द्वारा विशेष सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिनमें छात्रों को प्रेस फोटोग्राफी, प्रोफेशनल फोटोग्राफी एवं फ्रीलांस फोटोग्राफी से जुड़ी बारीकियों को सीखने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विषय
‘पिक्सल स्पंदन’ के तहत एक फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागी तीन विषयों—नेचर (प्रकृति), ट्राइबल कल्चर (जनजातीय संस्कृति) तथा अपनी रांची—पर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित कर सकेंगे।
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगा, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 शाम 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को अपनी तस्वीरों की A4 आकार की हार्डकॉपी 17 अगस्त 2026 शाम 4:30 बजे तक जमा करनी होगी। प्रतियोगिता में केवल 1 अगस्त से 17 अगस्त 2026 के बीच खींची गई मौलिक (Original) एवं जियोटैग (Geotagged) तस्वीरें ही स्वीकार की जाएंगी।
सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने ‘पिक्सल स्पंदन’ के आयोजन की तैयारियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।


