आईडीटीआर में स्वच्छता पखवाड़ा की शुरुआत



सरायकेला : साफ-सफाई एक अच्छी आदत है, जो स्वच्छ पर्यावरण और आदर्श जीवनशैली के लिए हर व्यक्ति में होनी चाहिए। उक्त बातें इंडो डैनिश टूल रूम, जमशेदपुर में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम के दौरान टूल रूम के जीएम रवीन्द्र कुमार ने कहीं।


उन्होंने कहा कि समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि स्वस्थ जीवन के लिए वह इस अभियान में मिलकर भाग ले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में प्रत्येक भारतीय नागरिक का छोटा-सा कदम भी बड़ा बदलाव ला सकता है।
रवीन्द्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता ऐसा कार्य नहीं है, जिसे दबाव में किया जाए, बल्कि यह एक अच्छी आदत और स्वस्थ जीवन जीने का तरीका है। अच्छे स्वास्थ्य के लिए सभी प्रकार की स्वच्छता आवश्यक है, चाहे वह व्यक्तिगत स्वच्छता हो, आसपास के पर्यावरण की स्वच्छता, पालतू जानवरों की देखभाल या कार्यस्थल, स्कूल और कॉलेज की साफ-सफाई। सभी लोगों को अपने रोजमर्रा के जीवन में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
कार्यक्रम के संचालक पंकज कुमार ने बताया कि 30 जुलाई से 13 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान आईडीटीआर में पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिता, सेमिनार, पौधरोपण, स्लोगन लेखन और सफाई अभियान समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता की शपथ लेकर की गई। इस अवसर पर आईडीटीआर के अधिकारी अमित कुमार, प्रवीन कुमार पटनायक, केसी पाल, ओम प्रकाश पांडेय, एके श्रीवास्तव, मनीष कुमार, उमेश रजक, हिमांशु शेखर, गुलफसा परवीन, तारा प्रमाणिक, बबलू पाल, हरिनाथ राव, सुशील मिश्रा, विकास गोप, अनुज कुमार सिंह तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


