अब हर योजना पर सीएम की सीधी नजर, नया डैशबोर्ड सिस्टम लागू, काम में पारदर्शिता पर बड़ा जोर


रांची : झारखंड में अब सभी सरकारी योजनाओं और गतिविधियों की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री स्तर से की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ‘इंटीग्रेटेड सीएम डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म’ यानी सीएम डैशबोर्ड 2.0 लागू करने जा रही है, जिसके जरिए विभिन्न विभागों की योजनाओं पर रियल टाइम नजर रखी जाएगी।

इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य निर्णय प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाना है। इसके तहत सभी विभागों के कामकाज का मूल्यांकन एक तय मानक पर किया जाएगा और प्रमुख प्रदर्शन संकेतक (KPI) भी तय किए जाएंगे, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कौन-सी योजना किस स्तर पर चल रही है और कहां सुधार की जरूरत है।
परियोजना को लागू करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के तहत जैप-आईटी द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। साथ ही, एकीकृत डिजिटल डेटा प्लेटफॉर्म (UDDP) के माध्यम से सभी योजनाओं के लाभार्थियों का साझा डेटाबेस बनाया जाएगा, जिससे विभागों के बीच समन्वय बेहतर होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।


