आर्मी नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा… ‘नकली अफसर’ गिरफ्तार, 70 लाख की ठगी का खुलासा


रांची : सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक फर्जी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह आरोपी खुद को आर्मी या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर युवाओं से संपर्क करता था और उन्हें सेना तथा एमईएस (MES) में भर्ती का झांसा देता था। इस पूरे गिरोह ने अब तक करीब 70 लाख रुपये की ठगी की है।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर रांची पुलिस और एसआईटी ने चुटिया इलाके में छापेमारी कर आरोपी अरविंद प्रसाद को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से बिहार के आरा जिले का रहने वाला है और रांची में छिपकर रह रहा था। उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज और पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवाओं को फर्जी नियुक्ति पत्र और दस्तावेज दिखाकर भरोसे में लेता था और पैसे वसूलता था। इस मामले में कई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


