रील के चक्कर में खतरनाक स्टंट, पेट्रोल पंप पर डीजल से नहलाया SUV—2 युवक गिरफ्तार


सिरोही : सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के चक्कर में दो युवकों ने पेट्रोल पंप पर खतरनाक स्टंट कर डाला। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी पर डीजल डालकर उसे ‘वॉश’ करते हुए रील बनाई, जिसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना बेहद संवेदनशील जगह यानी पेट्रोल पंप परिसर में हुई, जहां ज्वलनशील पदार्थ का इस तरह इस्तेमाल बड़ी लापरवाही माना जा रहा है। वीडियो में युवक खुलेआम गाड़ी पर डीजल डालते नजर आए, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई। जांच में युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने यह स्टंट सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए किया था। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस तरह की लापरवाही और कानून तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


