बीजेपी दफ्तर के बाहर ग्रेनेड हमला, खालिस्तानी आतंकी का दावा… शहर में दहशत


चंडीगढ़ : सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर बुधवार शाम करीब 4:48 बजे ग्रेनेड हमला हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि बाहर खड़ी कार का शीशा टूट गया, एक एक्टिवा क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास की दीवारों पर कई जगह छर्रों के निशान पाए गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और तुरंत बाहर निकल आए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एनआईए ने भी जांच शुरू कर दी है और पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े सुखजिंदर सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया के जरिए ली है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की पुष्टि कर रही हैं और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक आरोपी हेलमेट हाथ में लेकर ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे दफ्तर की ओर फेंकता दिख रहा है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।


