मंदिर में भगदड़ का कहर, 9 महिलाओं की मौत, कई घायल; पीएम-सीएम ने जताया शोक


बिहारशरीफ : बिहार के नालंदा जिले में स्थित प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में मंगलवार सुबह पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे। इस दर्दनाक हादसे में 9 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 6 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है, जिसमें 4 लाख रुपये आपदा प्रबंधन विभाग और 2 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस घटना के बाद धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


