उद्गम लगाएगा राम भक्तों के लिए सेवा शिविर, शामिल होंगे गणमान्य


Saraikela: सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित संस्था ‘उद्गम’ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी रामनवमी पूजा के पावन अवसर पर एक सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम शनिवार, 28 मार्च 2026 को आदित्यपुर के एस. टाईप स्थित दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित होगा. कार्यक्रम का शुभारंभ संध्या 5:30 बजे से होगा. इस समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा होंगे. उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार एवं डिप्टी मेयर अंकुर सिंह भी उपस्थित रहेंगे. संस्था के मुख्य संरक्षक अमित सिंह (बॉबी सिंह) और संरक्षक सोनिया सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल होंगे. सम्मानित अतिथियों की सूची में पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह, पूर्व मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव, क्षत्रिय महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शम्भूनाथ सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्णा प्रधान और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष जे. एन. दास के नाम प्रमुख हैं.



