छठ-रामनवमी से पहले घाटों का निरीक्षण, मेयर के सख्त निर्देश, तैयारियां तेज


जमशेदपुर : चैती छठ और रामनवमी पर्व को लेकर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने अधिकारियों के साथ विभिन्न नदी घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने निर्देश दिया कि घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं डिप्टी मेयर ने घाटों पर पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती और आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित रखने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व को लेकर सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।


