निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत, सेफ्टी नियमों पर उठे सवाल


जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के एन-49 क्षेत्र में टाटा मोटर्स के लिए बन रही एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। यह निर्माण कार्य टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा कराया जा रहा था। मृतक की पहचान मानकी गोप के रूप में हुई है, जो सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां का निवासी था।

बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण काम करते समय वह अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे पहले टिनप्लेट अस्पताल ले जाया गया और फिर एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में यह भी सवाल उठ रहा है कि घायल मजदूर को नजदीक स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के बजाय अन्य अस्पताल क्यों ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


