रसोई गैस बुकिंग के नियम बदले: अब तय समय पर ही होगी बुकिंग, 25 दिन का अंतराल अनिवार्य


Saraikela : रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर अब नए नियम लागू कर दिए गए हैं जिससे उपभोक्ताओं को पहले से ज्यादा सतर्क रहना होगा. गैस एजेंसियों ने बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नया टाइम-टेबल जारी किया है. अब 24 घंटे बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी.
नए नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल दो समय स्लॉट में ही की जा सकेगी. पहला स्लॉट सुबह 5 बजे से 7 बजे तक और दूसरा स्लॉट रात 8 बजे से 12 बजे तक होगा. इसके अलावा सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक यानी करीब 13 घंटे बुकिंग सेवा पूरी तरह बंद रहेगी. अब उपभोक्ता कभी भी अपनी सुविधा अनुसार सिलेंडर बुक नहीं कर पाएंगे. नई व्यवस्था के तहत पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के बाद कम से कम 25 दिन का अंतराल पूरा होना अनिवार्य कर दिया गया है. इससे पहले की गई बुकिंग सिस्टम द्वारा स्वतः ही रद्द कर दी जाएगी.
* डिजिटल बुकिंग के विकल्प उपलब्ध-
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए डिजिटल माध्यम भी उपलब्ध कराए हैं.
* भारत गैस के ग्राहक 1800224344 पर व्हाट्सऐप में ‘Hi’ भेजकर बुकिंग कर सकते हैं.
* इंडेन गैस के लिए 75888-88824 पर ‘REFILL’ लिखकर मैसेज करना होगा.
* एचपी गैस के ग्राहक 92222-01122 पर ‘Book’ लिखकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं.
इसके अलावा, एसएमएस के जरिए भी बुकिंग की सुविधा दी गई है, जिससे बिना इंटरनेट के भी उपभोक्ता आसानी से सेवा का लाभ उठा सकते हैं.
* मिस्ड कॉल से भी सुविधा जारी-
जिन लोगों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है उनके लिए मिस्ड कॉल के जरिए भी बुकिंग की सुविधा जारी रखी गई है. एक कॉल देकर भी उपभोक्ता अपनी बुकिंग दर्ज करा सकते हैं. यदि गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी होती है या कोई अन्य समस्या आती है तो उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनियों के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. इन नए नियमों के चलते अब उपभोक्ताओं को समय और अंतराल का विशेष ध्यान रखना होगा, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.



