बंदूक की नोक पर दो किशोरों का अपहरण, बेरहमी से पिटाई और लूट, इलाके में दहशत


जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के खड़ंगाझाड़ निवासी 16 वर्षीय दीपक चौरसिया और उसके दोस्त अभय गुप्ता के साथ बंदूक की नोक पर अपहरण, मारपीट और छिनतई की घटना सामने आई है। बताया गया कि 22 मार्च की शाम करीब 5 बजे दीपक ढोसा कॉर्नर के पास गया था, तभी 4-5 नाबालिगों ने उसके सिर पर बंदूक सटाकर उसे ऑर्मरी ग्राउंड के पास ले गए। आरोपियों के हाथ में फाइबर और लोहे का चापड़ था और वहां 20-25 अन्य लड़के भी जुट गए, जिन्होंने दीपक की जमकर पिटाई की।

इसके बाद आरोपियों ने दीपक से अभय गुप्ता को बुलवाया और उसके साथ भी मारपीट की। अभय का मुंह बांधकर उसे दूसरी जगह ले जाया गया, जहां से वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। इस दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल और 2 हजार रुपये भी छीन लिए।
जानकारी के अनुसार आरोपी बिरसानगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और इलाके में दबदबा बनाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ितों ने थाना प्रभारी से जल्द कार्रवाई की मांग की है।


