उधार के नाम पर 4.45 लाख लेने का आरोप, मॉल मैनेजर और पत्नी पर शिकायत के बाद जांच शुरू


जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएंडएम हाइटेक सिटी सेंटर मॉल से जुड़ा एक वित्तीय विवाद सामने आया है। मॉल में दुकान चलाने वाले व्यवसायी विकास कुमार अग्रवाल ने मॉल के प्रधान मैनेजर प्रसेनजीत गुप्ता और उनकी पत्नी देवलीना गुप्ता पर 4 लाख 45 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी ने अपनी पत्नी की बीमारी और आर्थिक परेशानी का हवाला देकर उनसे रुपये उधार लिए थे।

आवेदन के अनुसार वर्ष 2024 से 2025 के बीच अलग-अलग समय पर चेक और नकद के माध्यम से कुल 4.45 लाख रुपये दिए गए थे। शुरुआत में रकम वापस करने का भरोसा दिया गया, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी पैसे नहीं लौटाए गए। बाद में आरोपियों ने भुगतान के लिए एक चेक दिया, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने दोबारा रुपये मांगे तो दोनों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत देकर मामले की जांच और दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।



