ईद-रामनवमी और सरहुल से पहले अलर्ट प्रशासन, शांति समिति की बैठक में भाईचारे की अपील


जमशेदपुर : शहर में आने वाले ईद, रामनवमी और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मानगो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीओ, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, मानगो नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की।

बैठक के दौरान लोगों ने साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था को बेहतर बनाने का मुद्दा उठाया। साथ ही त्योहारों के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और इलाके में नशाखोरी पर नियंत्रण लगाने की मांग भी की गई। प्रशासन की ओर से भरोसा दिलाया गया कि पर्व के दौरान सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
एसडीओ ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से शांति और सौहार्द का प्रतीक रहा है और इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन ने चेतावनी दी कि त्योहार के माहौल को खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



