चेन स्नैचिंग गिरोह से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से रंगीला घायल

रांची : राजधानी में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बीआइटी थाना क्षेत्र के चुटू गांव के पास पुलिस और चेन स्नैचिंग गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रंगीला गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि पुलिस को क्षेत्र में गिरोह के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद मुठभेड़ हो गयी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तीन चेन स्नैचरों को पकड़े जाने की सूचना है। उनके पास से सोने की चेन भी बरामद होने की बात कही जा रही है। पुलिस पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ पूर्व में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में उनकी कथित संलिप्तता की जांच कर रही है।


