जमशेदपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, एसएसपी पीयूष पांडेय ने 53 अधिकारियों का किया तबादला


जमशेदपुर : शहर की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने एक साथ 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस आदेश के तहत कई अधिकारियों को नए थाना प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इसके तहत कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा को जादूगोड़ा का सर्किल इंस्पेक्टर बनाया गया है, जबकि जादूगोड़ा के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार यादव को कदमा का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है.

इसी क्रम में गोलमुरी थाना प्रभारी संजीव कुमार को जुगसलाई थाना प्रभारी बनाया गया है. सीतारामडेरा थाना के एसआई राकेश कुमार को चाकुलिया थाना का प्रभारी बनाया गया है. पटमदा थाना प्रभारी करमचंद महतो को हटाकर परसुडीह थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि उलीडीह ओपी के जेएसआई विष्णु चरण महतो को पटमदा का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान को कदमा थाना में पदस्थापित किया गया है और जुगसलाई थाना में कार्यरत मुकेश कुमार साह को कोवाली थाना का प्रभारी बनाया गया है.
इसके अलावा बड़ी संख्या में एसआई और एएसआई स्तर के अधिकारियों का भी विभिन्न थानों, यातायात इकाइयों, पुलिस लाइन और अन्य विभागों में स्थानांतरण किया गया है. इनमें बिष्टुपुर, मानगो, बहरागोड़ा, बर्मामाइंस, पटमदा, पोटका, डुमरिया, गुड़ाबांधा और धालभूमगढ़ समेत कई थाना क्षेत्रों में नई पदस्थापनाएं की गई हैं. पुलिस प्रशासन के अनुसार यह तबादला कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया गया है.



