नाशिक के नागरिक मध्य पूर्व संकट में फंसे, सरकार ने हेल्पलाइन और सहायता अभियान तेज किया


नाशिक : खाड़ी देशों में जारी युद्ध और तनाव के कारण नाशिक के कई नागरिक परेशनियों का सामना कर रहे हैं। मध्य पूर्व में विमान सेवाओं के बंद होने से पर्यटक, छात्र और काम करने वाले कई लोग वहां फंस गए हैं और मदद की तलाश में हैं।स्थिति गंभीर होने पर नाशिक जिला प्रशासन और महाराष्ट्र सरकार ने मिलकर बचाव और सहायता के कदम तेज किए हैं। प्रशासन ने उन नागरिकों और उनके परिजनों से संपर्क करने का आग्रह किया है जो खाड़ी देशों में फंसे हैं।

सरकार ने 24×7 आपातकालीन हेल्पलाइन भी जारी की है, ताकि संकट में फंसे लोगों को उचित दिशा‑निर्देश और सहायता मिल सके। नाशिक आपात संचालन केंद्र के नंबर 0253‑2317151, मोबाइल 9767649555, और महाराष्ट्र नियंत्रण कक्ष के टोल‑फ्री 1077 सहित कई संपर्क उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा राज्य सरकार के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर से भी मदद मिलेगी।जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने पासपोर्ट के साथ दूतावास में पंजीकरण करा लें। प्रशासन ने राजकीय और केंद्र सरकार के प्रयासों के तहत फंसे लोगों की सूची बनाकर उनके सुरक्षित वापसी के लिए समन्वय शुरू कर दिया है।
महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस स्थिति पर निरंतर नजर रख रहे हैं और केंद्र सरकार के साथ मिलकर फंसे नागरिकों को वापस लाने की योजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जैसे ही हवाई मार्ग खुलेगा, विशेष उड़ानों के जरिए लोगों को घर लाने की व्यवस्था की जाएगी।



