अहम मैच से पहले टीम को लगा तगड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज अस्पताल में हुआ भर्ती


मुंबई : मुंबई और कर्नाटक के बीच होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल मुकाबले से पहले मुंबई टीम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। 6 फरवरी से शुरू होने वाले इस अहम मुकाबले से पहले मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान को वायरल फीवर के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वजह से कर्नाटक के खिलाफ होने वाले नॉकआउट मुकाबले में उनका खेलना फिलहाल संदेह के घेरे में है। यह मुकाबला मुंबई के शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बीकेसी में खेला जाना है। हालांकि सरफराज खान की सेहत को लेकर अभी तक कोई मेडिकल अपडेट सामने नहीं आया है। अगर सरफराज मैच के लिए फिट नहीं हो पाए तो यह मुंबई के लिए बड़ा झटका होगा।सरफराज खान की तबीयत ऐसे समय पर बिगड़ी है, जब वह शानदार फॉर्म में चल रहे थे। पिछले महीने उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ जबरदस्त डबल सेंचुरी जड़ी थी और मौजूदा रणजी सीजन में मुंबई के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। अगर 28 साल के सरफराज कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाते हैं, तो यह मुंबई की बल्लेबाजी के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकता है। आंकड़ों की बात करें तो सरफराज खान ने इस रणजी ट्रॉफी सीजन में अब तक 9 पारियों में 429 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 53.62 का रहा है, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।इस बीच मुंबई के लिए राहत की खबर भी है। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर कर्नाटक के खिलाफ क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मुंबई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वहीं, युवा स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल भी इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का हिस्सा होंगे। दोनों खिलाड़ी पिछले महीने रणजी ट्रॉफी के दोबारा शुरू होने के बाद से मुंबई की ओर से नहीं खेले थे। मुंबई ने ग्रुप डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 33 अंकों के साथ टॉप पर रहते हुए नॉकआउट चरण में जगह बनाई थी।




