सोलन के अर्की बाजार में कई सिलेंडर ब्लास्ट,


हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला स्थित अर्की बाजार बीती रात (रविवार, 11 जनवरी) करीब 2.30 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी. इस दर्दनाक हादसे में 8 साल की एक बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7 से 8 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. लापता लोगों में 2 महिलाएं, 2 पुरुष और 4 बच्चे शामिल हैं.आगजनी के बीच कई सिलेंडर भी फटे और बाजार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू कर दी, लेकिन लगातार हो रहे ब्लास्ट के चलते दमकल कर्मियों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इस भीषण अग्निकांड में करोड़ों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.अब तक की चर्चाओं और मिली जानकारी के अनुसार, बाजार में एक घर में एक नेपाली मूल का परिवार रात को कमरे में जलती अंगीठी के साथ सोया था और यहीं से आग लगी. हालांकि, जांच के बाद ही असली कारणों का पता चल पाएगा. अर्की से विधायक संजय अस्वस्थी ने बताया कि आग पर तो काबू पा लिया गया है. उन्होंने बताया कि 15 मकान जलकर राख हो गए हैं.




