दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों की लूट, पिस्टल तानकर वारदात… 2 बदमाश पकड़कर पीटे


रामगढ़ : जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया। बाइक से पहुंचे 5-6 बदमाशों ने ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ में घुसकर करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने और नगदी लूट ली। घटना के दौरान अपराधियों ने दुकानदार विष्णु वर्मा को पिस्टल दिखाकर धमकाया और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार होने लगे।

बताया गया कि अपराधियों ने पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ और ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में ग्राहक बनकर रेकी की, लेकिन वहां सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने इस दुकान को निशाना बनाया। लूट के बाद जैसे ही बदमाश भागने लगे, व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग जुट गए और दो अपराधियों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी, जबकि बाकी 3-4 आरोपी सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अपराधियों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा। उनके पास से पिस्टल, मोबाइल और बाइक बरामद की गई है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


