विजय हजारे ट्रॉफी में इस खिलाड़ी ने रचा इतिहास,


Mumbai: घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में ऋतुराज गायकवाड़ सबसे तेज 100 छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन में गायकवाड़ महाराष्ट्र की कप्तानी कर रहे हैं. विजय हजारे ट्रॉफी भारत का प्रमुख 50 ओवर का व्हाइट बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट है. गायकवाड़ ने मौजूदा सीजन के पांचवें राउंड के एलीट ग्रुप सी में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई के खिलाफ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 66 रन की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने सात चौके लगाए. गायकवाड़ ने अर्शिन कुलकर्णी के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की, जिन्होंने 114 गेंदों में 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 114 रन शानदार पारी खेली.विजय हजारे ट्रॉफी में ऋतुराज गायकवाड़ 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे और सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के 57 मैचों में कुल 105 छक्के जड़े हैं. इस टूर्नामेंट में कर्नाटक के लिए खेलने वाले मनीष पांडे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं.साल 2008 से 2023 तक कर्नाटक के लिए खेलने वाले मनीष पांडे ने 103 मैचों में 108 छक्कों और 250 चौकों की मदद से कुल 3,403 रन बनाए हैं. केरल के विकेटकीपर-बल्लेबाज विष्णु विनोद 56 मैचों में 92 छक्कों के साथ सिक्स-हिटर की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. वहीं, पूर्व भारतीय ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने बड़ौदा के लिए 58 मैचों में 91 छक्कों के साथ चौथे नंबर पर हैं.विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में ऋतुराज गायकवाड़ ने महाराष्ट्र के लिए एलीट ग्रुप सी के पांच मैच खेले हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक की मदद से कुल 257 रन बनाए हैं. इस मौजूदा सीजन में अब तक ऋतुराज 28 चौके और 5 छक्के लगा चुके हैं. इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 3 दिसंबर, 2025 को रायपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के लिए अपना पहला वनडे शतक लगाया था




