दोस्त के साथ घूमने गई कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, प्रेमी को बुरी तरह पीटा; पुलिस ने मारी गोली


कोयंबटूर: तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल अपने दोस्त के साथ घूमने गई एक कॉलेज छात्रा के साथ कुछ आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना कोयंबटूर के एयरपोर्ट के नजदीक रविवार रात को घटी। सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में थीं। जब पुलिस ने उन्हें एक मंदिर के पास घेर लिया, तो तीनों ने दरांती से हमला कर दिया। इस हमले में हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर के बाएं हाथ और कलाई पर चोटें आईं। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे तीनों आरोपी पैरों में घायल हो गए। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर कोयंबटूर जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल पुलिसकर्मी को भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित कॉलेज छात्रा अपने एक दोस्त के साथ कार में बाहर गई थी। दोनों के बीच पांच साल से रिलेशनशिप बताया जा रहा है। उन्होंने बाहर डिनर किया और फिर कार से उस सुनसान इलाके में पहुंचे जहां घटना हुई। रात करीब 11 बजे तीन अज्ञात व्यक्ति चोरी की गई मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। उन्होंने पार्क की गई कार पर पत्थर फेंककर विंडशील्ड तोड़ दिया और बॉयफ्रेंड को बाहर खींच लिया।

हमलावरों ने चाकू की नोक पर धमकी दी और जब युवक ने विरोध किया तो उसे लाठी और पत्थरों से पीटा। उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके लिए उसे छह गंभीर घावों पर 28 टांके लगवाने पड़े। युवक कुछ देर के लिए बेहोश हो गया। इस बीच, हमलावर छात्रा को जबरन कार से बाहर निकालकर ले गए। उन्हें एयरपोर्ट से करीब एक किलोमीटर दूर एक मोटर रूम जैसे शेड में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। सुबह करीब 4:30 बजे हमलावरों ने छात्रा को किसी को बताने की धमकी देकर छोड़ दिया।
बॉयफ्रेंड रात करीब 11:25 बजे होश में आया। उसने क्षतिग्रस्त कार को एयरपोर्ट रोड की ओर चलाया और राहगीरों से मदद मांगी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वह मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। पुलिस की कई टीमों ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो पीड़िता को छोड़ दिया गया। वह पास के एक रिहायशी इलाके में पहुंची और फोन से पुलिस को सूचित किया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के सामने आने के बाद पूरे तमिलनाडु में आक्रोश फैल गया है।
कोयंबटूर की घटना के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक गरमा गई है। विपक्षी पार्टियों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सत्ताधारी डीएमके पर निशाना साधा। एआईएडीएमके ने कोयंबटूर समेत राज्य के विभिन्न इलाकों में विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। भाजपा ने भी बीती शाम कोयंबटूर में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेता के अन्नामलाई ने कहा कि कोयंबटूर की घटना बेहद हैरान करने वाली है। उन्होंने कहा कि जब से डीएमके सत्ता में आई है, तब से महिलाओं के खिलाफ अपराध की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की कमी का आरोप लगाया। अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके सरकार में अपराधियों को बचाया जा रहा है। टीवीके प्रमुख और फिल्म अभिनेता विजय ने भी कोयंबटूर की घटना पर दुख जताया और राज्य सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अन्ना यूनिवर्सिटी में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के जख्म अभी भरे भी नहीं थे कि एक और सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था कहां है?



