मुंबई में पकड़ा गया बच्चों का किडनैपर रोहित,ऑडिशन के बहाने बच्चों को बनाया बंधक, आरोपी गिरफ्तार


मुंबई:महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बच्चों की किडनैपिंग का मामला सामने आया है। घटना आर ए स्टूडियो में हुई। यहां के पहली मंजिल पर एक्टिंग क्लासेस चलती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लगभग 100 बच्चे स्टूडियो में ऑडिशन देने पहुंचे थे वहीं 20 को कमरे में कैद कर लिया। बंधक बने बच्चे कमरे की खिड़कियों से बाहर झांकते नजर आए, इस नजारे को देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।यह घटना तानसी नाकरा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई, जहां रोहित ने बच्चों को ऑडिशन के बहाने बुलाकर बंधक बनाया. बच्चों की उम्र 12-15 साल बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्टूडियो को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। स्टूडियो के आसपास हाई अलर्ट का माहौल है। आरोपी रोहित का 1.45 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। वो वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं, “मैं रोहित आर्य हूं। सुसाइड करने के बजाय, मैंने एक योजना बनाई है और कुछ बच्चों को यहां बंधक बनाकर रखा है। मेरी ज्यादा मांगें नहीं हैं। मेरी बहुत ही साधारण मांगें हैं, नैतिक मांगें हैं और कुछ सवाल हैं। मैं कुछ लोगों से बात करना चाहता हूं, उनसे सवाल पूछना चाहता हूं, और अगर उनके जवाबों के जवाब में मेरे पास कोई सवाल हो, तो मैं उनसे भी पूछना चाहता हूं। लेकिन मुझे ये जवाब चाहिए। “मुझे और कुछ नहीं चाहिए। मैं कोई आतंकवादी नहीं हूं, न ही मैं बहुत ज्यादा पैसे की मांग करता हूं, और मैं कोई अनैतिक मांग नहीं कर रहा हूं। मैंने एक प्लान के तहत बच्चों को बंधक बनाया है। अगर मुझे थोड़ा भी उकसाया गया तो मैं इस जगह (स्टूडियो) को आग लगा दूंगा। मैंने आत्महत्या का कदम उठाने के बजाय यह प्लान बनाया था। मुझे उकसाया न जाए, नहीं तो मैं बच्चों को नुकसान पहुंचाना वाला कदम उठा लूंगा।”




