85% ज्यादा संपत्ति का खुलासा, कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर EOU की बड़ी कार्रवाई



सासाराम : आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने लघु सिंचाई प्रमंडल, सासाराम के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जांच में उनकी ज्ञात आय से करीब 85 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के प्रारंभिक प्रमाण मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पटना, सासाराम, मुजफ्फरपुर और बांका समेत छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।तलाशी के दौरान करीब 350 ग्राम सोने के आभूषण, तीन लाख रुपये से अधिक नकद, चांदी के सिक्के व बर्तन, महंगी घड़ियां, बैंक दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात, संपत्ति के रिकॉर्ड और लग्जरी एसयूवी सहित कई अहम सामान बरामद किए गए। ईओयू अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन जारी किया जाएगा और जांच आगे बढ़ने के साथ संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है।




