ट्रैफिक जाम से बाढ़ बचाव तक 9 प्रस्ताव पारित, थोक कारोबार के लिए अलग स्थान की मांग

जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद की तीसरी बोर्ड बैठक अध्यक्ष नौशीन खान की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जनसमस्याओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 9 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किये गये। बैठक में ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, पानी, सफाई और बाढ़ से बचाव जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। नौशीन खान ने घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों में चल रहे थोक कारोबार और बड़े वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक लगाने की मांग की। इसके लिए जिला प्रशासन के सहयोग से थोक कारोबार के लिए अलग स्थान निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा गया। सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नयी सफाई एजेंसी के चयन को लेकर जल्द निविदा जारी करने और नालियों की नियमित सफाई के लिए एजेंसी नियुक्त करने की मांग भी की गयी। उन्होंने कहा कि पूजा से पहले जुगसलाई की प्रमुख सड़कों की मरम्मत समेत जरूरी काम पूरे कराये जायेंगे।


बैठक में शहरी जलापूर्ति योजना का औपचारिक रूप से प्रबंधन संभालने, जल शोधन संयंत्र के लिए नयी रखरखाव एजेंसी नियुक्त करने और एमई स्कूल रोड की जर्जर पानी की टंकी की जगह नयी टंकी बनाने का प्रस्ताव रखा गया। बाढ़ से बचाव के लिए गरीब नवाज कॉलोनी, हबीब नगर, इस्लाम नगर और शिव घाट रोड के बड़े नालों पर स्लुइस गेट बनाने का प्रस्ताव भी शामिल रहा। शिव घाट रोड की 1.83 एकड़ सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाकर वहां ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र, बच्चों का खेल मैदान और पार्क विकसित करने की योजना है। वार्ड-13 में हजरत अब्दुल वाहिद हकीम शाह की मजार के ऊपर हॉल व कमरे के निर्माण और वार्ड-03 में जुगसलाई ओवरब्रिज के नीचे स्थित मैदान को रेलवे प्रशासन के सहयोग से बच्चों के लिए बेहतर बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बोर्ड बैठक से पहले जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के तहत प्रशिक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान और परिषद के सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नयी 4-बिन कचरा पृथक्करण प्रणाली के तहत गीले कचरे, सूखे एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरे, सैनिटरी कचरे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गयी। परिषद के सदस्यों ने स्वच्छता की शपथ ली और एक अक्तूबर को श्रमदान में भाग लेने पर जोर दिया।


