219 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण, दस्तावेज पूरे मिलने पर सिर्फ 99 हुए पात्र

जमशेदपुर : जमशेदपुर अंडर-14 क्रिकेट टीम के गठन के लिए झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) की ओर से कीनन स्टेडियम में तीन दिवसीय पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली गयी। इसमें कुल 219 खिलाड़ियों ने निबंधन कराया, लेकिन कागजातों की जांच के बाद मात्र 99 खिलाड़ियों के दस्तावेज पूरे पाये गये। शेष 120 खिलाड़ियों के पास बोनाफाइड सर्टिफिकेट, पीवीसी आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कागजात नहीं थे। इनमें अधिकांश खिलाड़ियों के पास डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने की समस्या सामने आयी।


मानगो निवासी सत्येंद्र कुशवाहा ने बताया कि उनका बेटा आर्यन अंडर-14 ट्रायल के लिए जेएससीए कार्यालय पहुंचा था। उसके अन्य सभी दस्तावेज सही हैं, लेकिन डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण स्क्रूटनी में उसका नाम छांट दिया गया। उनके अनुसार, वे कई बार मानगो नगर निगम के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन एसआईआर का काम चलने के कारण अब तक डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट जारी नहीं हो सका है। रवि राज ने बताया कि उन्होंने लगभग दो महीने पहले जेएनएसी में डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक प्रमाण-पत्र नहीं मिला है।
जेएससीए के स्कूल एंड क्लब प्रतिनिधि डी उमा राव ने बताया कि पंजीकरण के लिए पहुंचे अधिकतर खिलाड़ियों के सामने डिजिटल बर्थ सर्टिफिकेट की समस्या आयी है। उन्होंने कहा कि जिन खिलाड़ियों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें 27 अक्टूबर तक की मोहलत दी गयी है। खिलाड़ी अपने कागजात दुरुस्त कराकर जेएससीए कार्यालय में दोबारा जमा कर सकते हैं। इसके लिए संघ की ओर से अलग से सूचना भी जारी की जाएगी।


