10 दिन में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, रहस्यमयी बीमारी से गांव में दहशत






पलामू : जिले के पंडवा प्रखंड के सिक्का गांव में रहस्यमयी बीमारी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो चुकी है। रविवार सुबह करीब 5 बजे रिम्स में इलाज के दौरान बहू सविता देवी ने दम तोड़ दिया। इससे पहले परिवार के मुखिया 58 वर्षीय कुलदीप महतो, उनकी 18 वर्षीय बड़ी बेटी और 16 वर्षीय इंदू कुमारी की भी मौत हो चुकी है। वहीं कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी और पुत्र अनुज कुमार की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।


रविवार को राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर रिम्स पहुंचे और इलाजरत मां-बेटे का हाल जाना। उन्होंने रिम्स निदेशक से भी मुलाकात कर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इधर, सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने गांव पहुंचकर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मौत के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद बिसरा जांच के लिए नमूने रिम्स भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस बीच पंडवा प्रमुख गीता देवी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर मामले में तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।


